कुरुक्षेत्र18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
कुरुक्षेत्र | कंटेनमेंट जोन में जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- चिंता… पहले तीन केस मिलने के 40 दिन बाद आया था पॉजिटिव केस, जुलाई में तेज हुए वायरस के कदम, पिछले 10 दिन में मिल चुके हैं 65 मरीज
- राहत.. कम्युनिटी स्प्रेड की रफ्तार धीमी, रिकवरी की तेज
जिले में कोरोना वायरस के केस रोजाना बढ़ ही रहे हैं। पहले ज्यादातर केस ट्रैवल हिस्ट्री वाले मिल रहे थे, लेकिन अब लोकल स्तर पर वायरस संक्रमित केस मिलने लगे हैं। राहत की बात यह है कि कम्युनिटी स्प्रेड की रफ्तार बेहद धीमी है। नहीं तो संक्रमितों का आंकड़ा बेकाबू होता। जिले में पहला केस दस अप्रैल को सामने आया था। इसके करीब 40 दिन बाद जाकर 20 मई को कोई पॉजिटिव केस मिला, लेकिन इसके बाद से रोजाना ही नए केस मिलने लगे। अब तक 223 केस मिल चुके हैं। अच्छी बात यह है कि जिले में रिकवरी रेट काफी अच्छा है। गुरुवार को भी 8 लोग ठीक होकर घर लौटे। वहीं गुरुवार को कोई नया केस सामने नहीं आया।
पहले 55 दिन में हुए 50, अब रफ्तार तेज| जिले में पहला केस मिलने के बेशक डेढ़ माह बाद कोई केस मिला था, लेकिन इसके बाद कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने लगा। पहले जहां 55 दिनों में संक्रमितों की संख्या 50 थी, अब 9 दिनों में ही संक्रमितों की फिफ्टी हो गई। इसके बाद 72 दिनों में यह आंकड़ा 100 पर पहुंचा जबकि 150 मरीज तक पहुंचने में 84 दिन लग गए। यानी 100 से डेढ़ सौ तक पहुंचने में महज 13 दिन लगे। इसके बाद अगले 9 दिनों में यह आंकड़ा 200 पार कर गया। पिछले दस दिनों में 65 से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं।
डीसी ने जिले में 3 कंटेनमेंट जोन डी नोटिफाई किए
डीसी धीरेन्द्र खड़गटा ने गुरुवार को तीन कंटेमनेंट जोन डी नोटिफाई किए। बताया कि शाहाबाद के गांव पट्टी जाम्बा दयाल नगर में विजय के घर से वीरपाल के घर, शाहाबाद में अनूप नगर कॉलोनी गांव दयाल नगर में गुलबदन के घर से कांता के घर, गांव दाऊ माजरा में जसवीर सिंह के घर से वीरपाल के घर व ओमप्रकाश की दुकान से बलजोर सिंह के घर के कंटेनमेंट जोन हटाया है। साथ ही बफरजोन खत्म किए हैं। डीसी ने ब्राह्मण धर्मशाला को कोविड केयर सेंटर बनाने के आदेश दिए थे। सेंटर का प्रयोग प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। सेंटर में ब्राह्मण धर्मशाला के पदाधिकारियों और कमचारियों की ड्यूटी भी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी। धर्मशाला की मैस भी चालू रखेंगे।
जिले में एक मौत, महिला डायबिटीज से पीड़ित थी
चंडीगढ़ पीजीआई में पिपली निवासी 62 वर्षीय जिस महिला की सोमवार को मौत हुई थी, वह कोरोना संक्रमित भी थी। स्वास्थ्य विभाग के पास उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने की सूचना चंडीगढ़ से भी भेजी थी। उस महिला को डायबिटीज थी। उसे दो दिन पहले परिजन पीजीआई ले गए थे।
गुरुवार को आठ ने जीती जंग
जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह के मुताबिक गुरुवार को 8 मरीज ठीक हुए। इनमें गांव बिलोचपुरा के 22 वर्षीय युवक, अमीन के 22 वर्षीय युवक, सेक्टर-7 के 42 वर्षीय व्यक्ति, सेक्टर-5 चठ्ठा काम्पलेक्स के 42 वर्षीय व्यक्ति, हरिगढ़ भोरख के 42 वर्षीय व्यक्ति, सेक्टर-4 के दो वर्षीय बालक, चुनिया फार्म के एक व्यक्ति, हथीरा के 52 वर्षीय व्यक्ति को रिपोर्ट निगेटिव मिलने पर डिस्चार्ज किया है।
अब तक 16171 की हुई जांच
जिले में अब तक कोरोना के संदेह में 16171 की जांच हो चुकी है। इनमें 15405 की रिपोर्ट निगेटिव मिली। 543 सैंपलों की रिपोर्ट पेंडिंग है। जिले में अब तक 223 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 164 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब जिले में 58 एक्टिव केस हैं। इनमें से 13 लोगों को मुलाना मेडिकल कॉलेज, 27 मरीजों को हिरमी कोविड केयर सेंटर, पीजीआई चंडीगढ में एक, आयुर्वेदिक कॉलेज कोविड केयर सेंटर में सात, एलएनजेपी में 8 मरीज दाखिल हैं जबकि दो लोगों को घर में आइसोलेट किया है।
0