अररिया जिला में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में रोज मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। गुरुवार को जहां जिले में 20 मरीज मिले थे तो शुक्रवार को अररिया जिले भर में कुल 33 कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि 33 में से 25 मरीज का विवरण ही मिल पाया है। अररिया जिले के सबसे अधिक अररिया प्रखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीज की संख्या पहुंच गई है। इसमें अररिया शहर के अधिकांश भागों में पॉजिटिव मरीज मिल गए है। बताया जा रहा है कि डेढ़ दर्जन से अधिक मरीज अररिया शहर में हो गए हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार कुल 33 पॉजिटिव मरीजों में से अररिया प्रखंड में 16, फारबिसगंज में 4, रानीगंज में 2 और पूर्णिया के रहने वाले 3 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा 8 अन्य और मरीज के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। लगातार बढ़ रही पॉजिटिव की संख्या से जिले के लोग अब दहशत में आ गए हैं। लॉकडाउन की वजह से लोग अब घर से बहुत ही जरूरी पड़ने पर ही निकलने का प्रयास कर रहे हैं।
बैंक बंद होने से लेन-देन प्रभावित
कोरोना का कहर सिर्फ आम लोगों पर ही नहीं पड़ा है बल्कि सरकारी मुलाजिमों और बैंक कर्मियों को भी अपने आगोश में ले लिया है। शहर के एसबीआई मुख्य शाखा में बीते कई दिनों में जांच के बाद दो कर्मियों के पॉजिटिव होने से हड़कंप मच गया है। कर्मी के पॉजिटिव आने की सूचना पर गुरुवार दोपहर बाद ही बैंक को बंद कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अगले 2 दिनों के लिए बैंक को बंद कर दिया गया है। इस वजह से सरकारी लेनदेन पर गहरा प्रभाव पड़ा है। जानकारी मिली है कि बैंक के अन्य कर्मियों का स्वाद टेस्ट के लिए भेजा गया है। इसके अलावा दूसरे बैंक के भी कई कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यही नहीं फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय में पदस्थापित एक कर्मी, एलएईओ प्रमंडल अररिया के प्रधान सहायक भी संक्रमित पाए गए थे।
सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क के घूम रहे लोग
16 जुलाई से 31 जुलाई तक लॉकडाउन का असर जिलेभर में मिला जुला ही दिखता है। अररिया शहर के कुछ हिस्सों में लोग पालन कर रहे हैं तो कुछ भाग में निडर होकर बिना मास्क के घूमते हैं। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस गश्ती जरूर करती है लेकिन यह नाकाफी है। जगह- जगह होमगार्ड जवान को लगा दिया गया है जो पालन कराने में सक्षम साबित नहीं होते। गुरुवार को डीएम प्रशांत कुमार सीएच खुद पूरे अमले के साथ निकले और लोगों को लॉकडाउन का पालन करने की नसीहत दी। साथ ही मास्क का उपयोग करने की भी अपील की। इसके बावजूद बस स्टैंड, सदर बाजार रोड में कई सब्जी दुकानदार बिना मास्क के सब्जी बेचते हैं।
न मंदिरों में पूजा न मस्जिद में हुई जुमे की नमाज
लॉकडाउन के दूसरे दिन शुक्रवार को बड़े मस्जिदों में जुमे की नमाज नहीं हो पाई। तीन-चार लोगों के साथ मस्जिद के इमाम ने जुमे की नमाज अता की। हालांकि सुदूर क्षेत्र के गांव में नमाज में लोग जुटे। इसी तरह शहर के बड़े मन्दिर काली मंदिर, ठाकुरबाड़ी मन्दिर में सावन महीने के बावजूद पूजा-अर्चना नहीं हो पाई। जबकि ग्रामीण इलाकों में मंदिरों में कुछ भक्त जरूर पूजा-अर्चना करते हैं। लॉकडाउन में धार्मिक स्थलों को पूर्ण रूप से बंद रखने का निदेश है। साथ ही धार्मिक, सांस्कतिक, खेल, राजनीतिक कार्यक्रम पर भी पाबंदी है।
दुकानों को बंद करवाने के साथ बिना मास्क के घूम रहे लोगों का अधिकारियों ने काटा चालान

नरपतगंज | कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर पूरे अररिया जिला में लॉकडाउन के मद्देनजर नरपतगंज प्रखंड मुख्यालय के बाजारों में अधिकारियों ने घूम-घूम कर बाजार व दुकान बंद करवाया। लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने का निर्देश जारी किया। इस दौरान अधिकारियों ने बिना मास्क पहने लोगों का चालान भी काटा। डीसीएलआर यूनुस खान, बीडीओ रंजीत कुमार सिंह, सीओ निशांत कुमार आदि ने पूरे बाजार में घूम-घूम माइकिंग करवाते हुए लोगों को कोरोना से बचाव एवं सतर्कता को लेकर हर हाल में लॉकडाउन का पालन करने एवं सामाजिक दूरी का पालन करने का निर्देश दिया। सख्त हिदायत देते हुए कहा गया कि लॉकडाउन में कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, दूसरी ओर लॉकडाउन को लेकर नरपतगंज सीमावर्ती सुपौल जिला के नाथपुर मोड़ एवं नरपतगंज थाना चौक के पास फोरलेन पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।